पीएचई की अंतरविभागीय खेल स्पर्धा शुरू,900 विभागीय कर्मचारी ख़िलाड़ी होंगे शामिल

 



भोपाल | लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) की अंतरविभागीय खेलकूद प्रतियोगिता राजधानी भोपाल में शुरू हुई |लोक  स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग खेल एवं सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ विभाग के प्रमुख अभियंता  सी.एस.संकुले व प्रमुख अभियंता (सलाहकार) केके सोनगरिया ने किया | इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष आरबी राय, उपाध्यक्ष अनुराग श्रीवास्तव एवं सचिव शोएब सिद्दीकी आदि विशेष रूप से उपस्थित थे | शुभारंभ के पश्चात् श्री संकुले,श्री सोनगरिया एवं समिति के पदाधिकारियों ने इस मौके पर कक्ष के बाहर पौधरोपण भी किया | 


समिति के  सचिव कर्मचारी नेता शोएब सिद्दीक़ी ने बताया की इस प्रतियोगिता में  समूचे प्रदेश के लगभग 900 विभागीय कर्मचारी खिलाड़ी भाग लेंगे |इसमें विभाग की महिला ख़िलाड़ी भी शामिल होंगी | क़रीब डेढ़ महीने तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में क्रिकेट, बैडमिंटन, शतरंज, कैरम आदि स्पर्धाएं होंगी | यह स्पर्धाएं शहर के अलग-अलग स्थानों पर होंगी | प्रारंभिक चरण में कैरम के मुक़ाबले माता मंदिर स्थित विभाग के खेल कक्ष में खेले जा रहे हैं, इसमें लगभग 54 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं | 


श्री सिद्दीकी ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को समिति द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं की तर्ज़ पर तैयार कराई गई आकर्षक खेल यूनिफार्म प्रदान की जाएगी | उन्होंने बताया की पिछले 14 वर्षों से यह प्रतियोगिता प्रदेश स्तर पर आयोजित की जा रही है | इस खेल स्पर्धा को साल दर साल मिल रही सफलता के मद्देनज़र अगले वर्ष से इसे राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित करने के प्रयास किए जाएंगे |